आगरा: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान कल करेंगी अस्पताल व संरक्षण गृह का निरीक्षण।
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान बुधवार को आगरा जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं महिला संरक्षण गृह का निरीक्षण करेंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह सबसे पहले सुबह 11:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एत्मादपुर पहुंचेंगी, जहां स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा महिला स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।
इसके बाद दोपहर 12:15 बजे वह राजकीय संरक्षण गृह (महिला), कालिंदी विहार, 100 फीट रोड का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान संरक्षण गृह में रह रही महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के इस दौरे को महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और संरक्षण गृहों की व्यवस्थाओं के मूल्यांकन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने निरीक्षण कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राजीव कुमार सिकरवार की रिपोर्ट।

Post a Comment