चकबंदी विवाद पर मंडला आयुक्त ने किसानों को मुख्यमंत्री से मिलाने का दिया आश्वाशन ।
बांदा। ग्राम अमलीकौर एवं लोहरा में चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले 22 दिनों से क्रमिक अनशन तथा 6 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे किसानों ने सोमवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में चित्रकूट धाम मंडल के मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय की मांग की।
किसानों ने आरोप लगाया कि चकबंदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी वजह से उन्हें लगातार आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। किसानों की बात सुनने के बाद मंडलायुक्त ने आश्वासन दिया कि वह पूरी कोशिश करेंगे कि किसानों के प्रतिनिधिमंडल की माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई जाए, ताकि किसान अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी, जिसमें चित्रकूट के चकबंदी विभाग के अधिकारी, हमीरपुर के चकबंदी विभाग के अधिकारी तथा मंडल प्रशासन की ओर से संतोष कुमार राय को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति के गठन का आदेश उसी शाम जारी कर दिया जाएगा तथा जो भी कार्य उनके अधिकार क्षेत्र में होगा, उसे पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ कराया जाएगा।
इस दौरान शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि किसानों का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है, लेकिन लंबे समय से उनकी जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ और प्रशासन ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल को माननीय मुख्यमंत्री से मिलने से रोका, तो वह किसानों के साथ पैदल लखनऊ कूच करेंगी और मुख्यमंत्री से मिलकर चकबंदी विवाद का समाधान कराने की मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि किसानों को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा और जेडीयू हर कदम पर किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।


Post a Comment