महिला जागरूकता कार्यक्रम में योजनाओं और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
आगरा | 06 जुलाई 2026
जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल के निर्देशानुसार विकास खंड बिचपुरी के मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र, मिढ़ाकुर में महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (HEW) टीम की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर श्रीमती वर्तिका दीक्षित एवं जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती शिखा दीक्षित ने महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला अधिकार, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं और बच्चों को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1098 और 112 के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के महत्व पर भी जोर दिया गया तथा महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करें।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर मिढ़ाकुर क्षेत्र की सुपरवाइजर श्रीमती शुभांगी वर्मा सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।
राजीव कुमार सिकरवार की रिपोर्ट।



Post a Comment