झाँसी जनपद के उल्दन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निमोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब 5 दिन से लापता एक किशोरी का शव गांव के एक कुएं में बरामद हुआ। मृतका की पहचान हर्षिता आर्य के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी का मुंह बंधा हुआ था और शरीर के कुछ कपड़े भी गायब बताए जा रहे हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मौके पर पहुंचे उल्दन थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसा है या फिर किसी साजिश के तहत की गई वारदात। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
झांसी से समद अली की रिपोर्ट।



Post a Comment