डिबाई की विधवा की 3 महीने से पारिवारिक पेंशन बंद, RTI का भी नहीं मिला जवाब; आज दायर की प्रथम अपील।
अमित वर्मा की रिपोर्ट ।
पेंशन रुकने का कारण जानने के लिए मांगी थी सूचना, निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर केंद्रीय सूचना आयोग जाने की चेतावनी।
डिबाई, बुलंदशहर। डिबाई कस्बे के मोहल्ला काजिकेल निवासी एक विधवा महिला की पारिवारिक पेंशन पिछले तीन महीने से बंद होने का मामला सामने आया है। पीड़िता श्रीमती मुकेश देवी पत्नी स्वर्गीय सूरज भान का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद मिलने वाली पारिवारिक पेंशन ही उनके जीवन-यापन का मुख्य सहारा है। पेंशन बंद होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पेंशन बंद होने का कारण जानने के लिए लगाई RTI
मुकेश देवी ने पेंशन बंद होने का कारण और इससे संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए 05 अगस्त 2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), जागृति विहार, मेरठ के लोक सूचना अधिकारी को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजा था।
RTI आवेदन में उन्होंने चार बिंदुओं पर सूचना मांगी थी। पीड़िता के अनुसार निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद EPFO कार्यालय की ओर से उन्हें कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई।
जवाब नहीं मिलने पर आज दायर की प्रथम अपील
RTI के तहत मांगी गई सूचना नहीं मिलने के बाद मुकेश देवी ने 08 सितंबर 2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 19(1) के तहत प्रथम अपील दायर की है।
यह प्रथम अपील प्रथम अपीलीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II, मेरठ के समक्ष प्रस्तुत की गई है। अपील में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
केंद्रीय सूचना आयोग जाने की चेतावनी
पीड़िता ने अपनी प्रथम अपील में कहा है कि समय से सूचना उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें मांगी गई सूचना उपलब्ध कराई जाए।
साथ ही अपील में यह भी कहा गया है कि यदि सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई तो वह अपने अधिकारों के तहत केंद्रीय सूचना आयोग, नई दिल्ली में द्वितीय अपील करने के लिए बाध्य होंगी।
पीड़िता ने सुनाई अपनी परेशानी
मुकेश देवी का कहना है, "मेरे पति की पेंशन तीन महीने से नहीं आई। RTI लगाई तो उसका भी जवाब नहीं दिया गया। अब मुझे अपील करनी पड़ी है।"
अब मामला प्रथम अपीलीय अधिकारी के समक्ष पहुंचने के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पारिवारिक पेंशन रुकने का कारण क्या है और EPFO मेरठ द्वारा RTI के तहत मांगी गई सूचना पर क्या कार्रवाई की जाती है।



Post a Comment