फतेहपुर/असोथर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की असोथर ब्लॉक इकाई की मासिक महापंचायत का आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।
महापंचायत के समापन पर किसानों की ओर से खंड विकास अधिकारी (BDO) असोथर को मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र में ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई, सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी, कूड़ा निस्तारण और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की मांग की गई।
इसके अलावा बंद और गंदे पड़े सार्वजनिक शौचालयों की सफाई एवं मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा गांवों और खेतों में बिजली की अघोषित कटौती, ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या दूर कर सुचारू बिजली आपूर्ति की मांग उठाई गई।
किसानों ने डीएपी समेत अन्य कृषि उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
27 अक्टूबर को असोथर गल्ला मंडी पहुंचेंगे राकेश टिकैत
महापंचायत के दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के 27 अक्टूबर को असोथर नगर पंचायत स्थित गल्ला मंडी पहुंचने की जानकारी दी गई। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए युवा प्रदेश अध्यक्ष विपिन सिंह, युवा जिला अध्यक्ष विवेक सिंह, संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा, सोनू सिंह और रवि देव सिंह ने टीम के साथ असोथर गल्ला मंडी का निरीक्षण किया।
भाकियू पदाधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में गल्ला मंडी पहुंचने की अपील की है। संगठन की ओर से कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां किए जाने की बात कही गई है।
महापंचायत में सोनू सिंह, रवि देव सिंह, शिवम सिंह, शिव शंकर त्रिपाठी, मोनू सिंह, शिव प्रताप सिंह, अभिषेक सिंह, आशीष सिंह और बच्चन यादव समेत बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आदर्श सिंह की खास रिपोर्ट


Post a Comment