त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने के निर्देश
बांदा। आगामी नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के प्रतीक हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराएं।
सड़कों और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को पर्वों से पहले प्रमुख सड़कों और आवागमन वाले मार्गों की मरम्मत पूरी कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को हाईटेंशन लाइनों समेत विद्युत व्यवस्था का पूर्व निरीक्षण करने और लटकते तारों एवं अन्य कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
शहर और प्रमुख क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित कर भ्रमण कराने को भी कहा गया।
पूजा स्थलों और विसर्जन मार्गों पर सफाई
प्रशासन ने पूजा स्थलों, मूर्ति स्थापना स्थलों और विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को चूने का छिड़काव और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वहीं जल संस्थान को आवश्यकता वाले स्थानों पर मांग के अनुसार पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सड़कों पर नहीं घूमेगा गोवंश
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जनपद की सभी गौशालाओं में गोवंश को संरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि सड़कों पर गोवंश विचरण करता पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्वों के दौरान पर्याप्त एंबुलेंस और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं फायर विभाग को विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
डीजे और मांस-मछली की दुकानों पर भी निर्देश
प्रशासन ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित मानकों और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि होने पर कार्रवाई की जाएगी।
पूजा स्थलों एवं धार्मिक आयोजनों के आसपास मांस-मछली की दुकानों को नियमानुसार बंद रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। आबकारी विभाग को भी पूजा स्थलों के आसपास स्थित मदिरा की दुकानों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और निर्धारित प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने की भाईचारे की अपील
पुलिस अधीक्षक बांदा ने दुर्गा पूजा समितियों और संभ्रांत नागरिकों से सभी पर्वों को आपसी सहयोग, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में मूर्ति स्थापना और विसर्जन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन करने के निर्देश दिए।
बैठक में शोभाराम कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आपसी भाईचारे और इतिहास के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जनपद में सभी पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएं, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता — गिरजा शंकर अवस्थी
मंडल ब्यूरो, बांदा



Post a Comment