⚡ ब्रेकिंग News

पुष्पवर्षा के बीच कांवड़ियों का भव्य स्वागत, असोथर मोटे महादेव धाम में गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष।

 पुष्पवर्षा के बीच कांवड़ियों का भव्य स्वागत, असोथर मोटे महादेव धाम में गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष।



असोथर/फतेहपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को असोथर कस्बा शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। ओम घाट भिटौरा से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों का नगर पंचायत असोथर में पुष्पवर्षा, शंखनाद और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच भव्य स्वागत किया गया। पूरे कस्बे में बोल बम और ॐ नमः शिवाय के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।

नगर पंचायत असोथर के शिवभक्त 2 अगस्त को परंपरागत कांवड़ यात्रा के तहत ओम घाट भिटौरा से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुए थे। कठिन पदयात्रा पूरी करने के बाद सोमवार सुबह करीब छह बजे कांवड़िए असोथर पहुंचे।


कांवड़ियों ने सबसे पहले सिद्धपीठ मोटे महादेव मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। शिवभक्तों ने गंगाजल के साथ बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान आशुतोष से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।


कांवड़ियों के स्वागत के लिए नगर पंचायत की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। नगर पंचायत चेयरमैन नीरज सिंह सेंगर के नेतृत्व में सभासद प्रवीण कुमार अग्रहरि एवं आशीष अग्रहरि सहित नगरवासियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


कांवड़ यात्रा के मार्ग में स्थानीय लोगों ने शिवभक्तों के लिए जलपान एवं सेवा की व्यवस्था की। लोगों ने कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी कठिन धार्मिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्रावण मास में कांवड़ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। असोथर में कांवड़ियों के स्वागत का यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और भक्ति का संगम बना रहा।


✍️ विमल कुमार की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...