मऊ: चलते-चलते वैगनार कार बनी आग का गोला, एसी में स्पार्क से लगी आग, दो लोग बाल-बाल बचे।
मऊ। जनपद मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कलेक्ट्रेट मोड़ के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वैगनार कार अचानक आग का गोला बन गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार के एसी में स्पार्क होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार दो लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। कार मालिक की पहचान मोहम्मदाबाद निवासी अख्तर के रूप में हुई है।
घटना के बाद कार सड़क किनारे धू-धू कर जलती रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घटना के कारण कलेक्ट्रेट मोड़ पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी




Post a Comment