बांदा: ऑपरेशन ईगल के तहत 2.8 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एक पर दर्ज हैं 12 से अधिक मुकदमे
बांदा। जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन ईगल" के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 800 ग्राम अवैध सूखा गांजा, दो मोबाइल फोन और 1,520 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कनवारा मोड़ कृषि विश्वविद्यालय के पास से रिंकू पुत्र सुरेश निवासी मुचियाना मोहल्ला और सलमान पुत्र अमिया निवासी मुरवा हुसैनपुर, थाना गिरवां को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 2.8 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी, रेलवे अधिनियम और अन्य मामलों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। वहीं, सलमान उर्फ लाला के विरुद्ध भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
बरामदगी
- 2 किलो 800 ग्राम अवैध सूखा गांजा
- 2 मोबाइल फोन
- ₹1,520 नकद
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी कृषि विश्वविद्यालय दीपक कुमार सैनी, चौकी प्रभारी संकट मोचन आकांक्षा पटेल सहित थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Post a Comment