उत्तर भारत में राष्ट्रीय स्तर के मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान (NIMHANS-2) की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने आज केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा से उनके कार्यालय में भेंट कर आगरा स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल (IMHH) परिसर में NIMHANS-2 की स्थापना का अनुरोध किया।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा में अपने बजट भाषण के दौरान भारत की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान (NIMHANS) की तर्ज पर उत्तर भारत में एक नए संस्थान की स्थापना की घोषणा की थी।
उक्त संदर्भ कों लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल ने इस विषय पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर अनुरोध किया था कि आगरा स्थित आईएमएचएच परिसर में NIMHANS-2 की स्थापना के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के आगरा प्रवास के दौरान आयोजित एक सार्वजनिक सभा में भी उन्होंने इस विषय को प्रमुखता से मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा।
इसके उपरांत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल (IMHH), आगरा में NIMHANS-2 की स्थापना के पक्ष में प्रबल संस्तुति सहित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया।
आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा से हुई भेंट के दौरान प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने अपने संस्तुति पत्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भेजे गए संस्तुति पत्र एवं डीपीआर की प्रति सौंपते हुए आगरा में NIMHANS-2 की स्थापना के लिए अनुरोध किया ।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने प्रो. एस. पी. सिंह बघेल द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव एवं उत्तर प्रदेश सरकार की संस्तुति पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

Post a Comment