⚡ ब्रेकिंग News

पेंशनर्स अधिवेशन में छलका दर्द, 65 वर्ष से पेंशन बढ़ोतरी की उठी मांग।

 पेंशनर्स अधिवेशन में छलका दर्द, 65 वर्ष से पेंशन बढ़ोतरी की उठी मांग।



बांदा। विकास भवन स्थित रानी दुर्गावती सभागार में रविवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, जनपद शाखा बांदा का प्रथम द्विवार्षिक अधिवेशन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याओं और लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।



मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय और विशिष्ट अतिथि जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार की मौजूदगी में आयोजित अधिवेशन में पेंशनर्स ने पेंशन बढ़ोतरी, राशिकरण की अवधि कम करने और चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के शीघ्र भुगतान समेत कई मांगें रखीं।



एसोसिएशन ने मांग की कि 80 वर्ष की आयु का इंतजार करने के बजाय 65, 70 और 75 वर्ष की उम्र में क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन बढ़ोतरी लागू की जाए। साथ ही राशिकरण की वसूली की अवधि 15 वर्ष से घटाकर 10 वर्ष करने और पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग भी उठाई गई।



संगठन के अनुसार इन मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन और कैंडल मार्च किए गए हैं। 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में करीब एक हजार पेंशनर्स के हस्ताक्षर वाली याचिका प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई है।अधिवेशन में चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान में कथित देरी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। पेंशनर्स ने सीएमओ और सीएमएस कार्यालयों में लंबित बिलों और अनावश्यक आपत्तियों की शिकायत रखी। चकबंदी विभाग के पेंशनर सत्यनारायण द्विवेदी के करीब 9 लाख रुपये के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल का मामला भी सामने रखा गया।


वहीं सिंचाई विभाग के नलकूप खंड में कार्यरत रहे वर्कचार्ज कर्मचारियों की पेंशन का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने दावा किया कि बैजनाथ शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों के पक्ष में उच्च न्यायालय प्रयागराज से आदेश होने के बावजूद उसका क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा है।पेंशनर्स ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिले।


अधिवेशन के अंत में संगठन ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री बाबूराम मिश्र ने किया। इस दौरान अरुण मिश्रा, मिथलेश पांडे, नागेंद्र दीक्षित, अमरनाथ शर्मा, कन्हैया दीक्षित सहित मंडल और जिले के बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...