⚡ ब्रेकिंग News

फतेहपुर: इंस्टाग्राम पर मिली धमकी से डरा युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, नीचे उतरते ही फरार।

 फतेहपुर: इंस्टाग्राम पर मिली धमकी से डरा युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, नीचे उतरते ही फरार।

✍️ विमल कुमार की रिपोर्ट



असोथर, फतेहपुर। इंस्टाग्राम पर मिली कथित धमकी से परेशान एक युवक शनिवार सुबह करीब 110 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामला असोथर नगर पंचायत क्षेत्र का बताया जा रहा है।




बताया गया कि युवक सुबह करीब 8 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ा था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजीव मिश्रा पुलिस बल और फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक प्रयास किया।

जानकारी के मुताबिक, लखन नाम के युवक को इंस्टाग्राम पर किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से धमकी मिलने की बात सामने आई है। कथित तौर पर युवक को डर था कि उसके घर पुलिस पहुंच सकती है। इसी भय के चलते उसके मोबाइल टावर पर चढ़ने की बात कही जा रही है।

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को समझाया। पुलिस की ओर से उसे आश्वासन दिया गया कि वह सुरक्षित नीचे आ जाए और मामले में उचित तरीके से जांच की जाएगी। इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया।

नीचे उतरते ही युवक फरार

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:30 बजे युवक के नीचे उतरते ही वहां मौजूद भीड़ और पुलिस को चकमा देकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस अब युवक की तलाश में जुटी है।

धमकी देने वाले की भी जांच

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इंस्टाग्राम पर युवक को धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और धमकी किस वजह से दी गई थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस युवक की तलाश के साथ-साथ सोशल मीडिया पर मिली कथित धमकी की भी जांच में जुटी है।

नोट: मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...