निचली गंगा नहर में पैर फिसलने से डूबा युवक, परिवार में मचा कोहराम।
किशनपुर/फतेहपुर 8 जुलाई किशनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकबरपुर बड़वा गांव में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खेत की ओर गए एक 25 वर्षीय युवक का निचली गंगा नहर में अचानक पैर फिसल गया, जिससे गहरे पानी में डूबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकबरपुर बड़वा गांव का रहने वाला राजकुमार पासवान (उम्र 25 वर्ष) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने खेतों की तरफ गया था। शौच आदि से निवृत्त होने के बाद वह हाथ-पैर धोने और पानी लेने के उद्देश्य से पास ही बह रही निचली गंगा नहर के किनारे पहुंचा। इसी दौरान नहर के किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर सीधे नहर के तेज बहाव और गहरे पानी में जा गिरा।
युवक को डूबता देख और उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। राजकुमार को बचाने के लिए कुछ स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए नहर के गहरे पानी में छलांग भी लगा दी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और अत्यधिक पानी पेट में चले जाने के कारण उसकी सांसें थम चुकी थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना अध्यक्ष योगेश कुमार और स्थानीय लेखपाल राम प्रकाश तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। मृतक के पिता छोटेलाल पासवान ने रोते हुए बताया कि राजकुमार उनके पांच बेटों में चौथे नंबर का था। वह अपने भाइयों रमेश, मुकेश और हीरालाल के साथ परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
जवान बेटे की अचानक हुई इस मौत से मां सतिनिया देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना अध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट विमल कुमार की।


Post a Comment