जंतर-मंतर प्रकरण पर नैतिक पार्टी का राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग
हमीरपुर। नैतिक पार्टी की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी हमीरपुर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में पार्टी ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा घायल छात्रों को उचित उपचार एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है। यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
नैतिक पार्टी ने अपनी मांगों में छात्रों के साथ सरकार द्वारा तत्काल संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का लोकतांत्रिक समाधान निकालने की भी बात कही है। साथ ही ज्ञापन में इस पूरे प्रकरण की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा लेने अथवा उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
पार्टी के प्रदेश सचिव अत्री यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की आवाज़ को सम्मान देने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में है। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
नोट: इस ज्ञापन में लगाए गए आरोप और की गई मांगें नैतिक पार्टी के दावे और राजनीतिक रुख हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



Post a Comment