पत्रकारों के 7 सूत्रीय मांगपत्र को लेकर प्रधानमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन ज्ञापन
बांदा। नेशनल मीडिया प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष गिरजा शंकर अवस्थी के नेतृत्व में पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के हितों की रक्षा और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को सशक्त बनाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 7 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी बांदा को सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे विषम परिस्थितियों में कार्य करते हुए जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का दायित्व निभाते हैं, लेकिन आज भी उन्हें सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संरक्षण जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है।
नेशनल मीडिया प्रेस क्लब ने केंद्र सरकार से मांग की कि पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए, पत्रकारों के लिए विशेष स्वास्थ्य बीमा एवं "पत्रकार स्वास्थ्य कार्ड" जारी किया जाए, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजना लागू की जाए, जीवन एवं दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की जाए, फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न पर रोक लगाकर फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाए, राष्ट्रीय मीडिया आयोग का गठन किया जाए तथा छोटे एवं मंझोले समाचार पत्रों, पोर्टलों और मीडिया संस्थानों के लिए सरकारी विज्ञापनों का समान, पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरजा शंकर अवस्थी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की मजबूती के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार पत्रकार हित से जुड़ी इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भारत के माननीय प्रधानमंत्री को प्रेषित किया गया। नेशनल मीडिया प्रेस क्लब ने कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय करेगा।


Post a Comment