जेडीयू प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल।
बांदा। उत्तर प्रदेश सरकार जहां स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रदेश में नंबर वन बताने के दावे कर रही है, वहीं जनपद बांदा का जिला महिला अस्पताल इन दावों की हकीकत बयां करता नजर आ रहा है। जिला महिला अस्पताल पहुंची सामाजिक कार्यकर्ता एवं जेडीयू नेत्री शालिनी सिंह पटेल ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गर्भवती महिलाओं के साथ अस्पताल में अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
अल्ट्रासाउंड कक्ष में तैनात महिला डॉक्टर मरीजों को धमकी भरे अंदाज में यह कहती हैं कि “12 बजे तक ही अल्ट्रासाउंड होगा, इसके बाद कोई जांच नहीं होगी”, जिसके कारण दूर-दराज से आने वाली गरीब और गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि मरीजों को जानबूझकर परेशान कर बाहर निजी सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड और जांच कराने के लिए दबाव बनाया जाता है, जहां खुलेआम कमीशनखोरी चल रही है। पैथोलॉजी जांच और दवाओं में भी बाहर की जांच और बाहर की दवा लिखने की शिकायतें सामने आई हैं
अस्पताल में कई डॉक्टर समय पर नहीं बैठते और मरीजों से अभद्र व्यवहार किया जाता है। इतना ही नहीं, अल्ट्रासाउंड करने वाली महिला डॉक्टर मोबाइल चलाने में व्यस्त नजर आती हैं और मरीज घंटों जांच के इंतजार में बैठे रहते हैं। मरीजों को बाहर बैठाकर बुलाने की बात कही जाती है, जबकि अंदर डॉक्टर मोबाइल पर गेम खेलती दिखाई देती हैं। अस्पताल परिसर में लगे नियम और समय-सारणी वाले पोस्टरों पर सीएमएस के हस्ताक्षर तक नहीं पाए गए। जब जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुनीता सिंह से उनके चैंबर में जाकर बात करने की कोशिश की गई तो वह मौजूद नहीं मिलीं। करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बावजूद भी सीएमएस डॉ. सुनीता सिंह अस्पताल में नहीं पहुंचीं, जिससे मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं सीएमओ से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने भी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया
जेडीयू प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि एक ओर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बताने के दावे करते हैं, वहीं बांदा का जिला महिला अस्पताल भ्रष्टाचार, लापरवाही और अव्यवस्था का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment