बांदा। जनपद बांदा के अलीगंज स्थित रामलीला मैदान में बुंदेलखंड को पृथक राज्य बनाने की मांग को लेकर एक विशाल सभा का आयोजन किया गया। सभा में बुंदेलखंड आंदोलन के प्रणेता राजा बुंदेला एवं जयराम सिंह बछेउरा के नेतृत्व में क्षेत्र के कई सामाजिक, राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास, यहां की समस्याओं और पृथक राज्य की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से पीछे है और यहां के लोगों को रोजगार, सिंचाई, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष व बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि बुंदेलखंड की जनता अपने अधिकार और विकास के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रही है। जब तक बुंदेलखंड को पृथक राज्य का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के लोग तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक अपने क्षेत्र को उसका अधिकार और पहचान नहीं मिल जाती। साथ ही उन्होंने युवाओं, किसानों और महिलाओं से अपील की कि वे बुंदेलखंड के विकास और सम्मान के लिए एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।

Post a Comment