चित्रकूट, सीतापुर कस्बा स्थित रामघाट के समीप राधा मोहन मंदिर में रहने वाले किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ।
उसका शव अर्धनग्न हालत में छत पर सुबह पड़ा मिला। परिजनों ने उसे छत पर पड़ा देखा तो अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि शरीर में चोट जैसे कोई निशान नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
रामघाट के पास राधा मोहन मंदिर में रामानुज मिश्रा अपने परिवार के साथ रह रहे है। रामानुज का 16 वर्षीय बेटा उत्कर्ष मिश्रा पिछले डेढ़ वर्ष से वीडियो बनाकर यू-ट्यूब पर अपलोड करता रहा है। वह अक्सर परिजनों को कुछ बताए बिना ही घर से चला जाता था। बताते हैं कि उत्कर्ष मंगलवार कहीं चला गया था। वह रात में वापस लौटकर घर पहुंचा। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने छत पर उत्कर्ष को अर्धनग्न अवस्था में पड़ा पाया। परिजन आनन-फानन उसे लेकर जानकीकुंड अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने सूचना चौकी पुलिस को दी: वह शव लेकर वापस घर चले आए। काफी देर बाद परिजनों ने मामले की सूचना चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया है। मृतक दो बहनों में सबसे बड़ा था। उत्कर्ष के पिता बाहर शहरों में जाकर पूजा-पाठ कराने का काम करते हैं।
चौकी प्रभारी सीतापुर यदुवीर सिंह का कहना है कि परिजनों ने अस्पताल से शव वापस लाने के कई घंटे बाद जानकारी दी है। परिजन मृतक के पिता के आने का इंतजार कर रहे थे।
चोट के नहीं मिली निशान: उत्कर्ष के शरीर में चोट जैसे कोई निशान नजर नहीं आ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment