⚡ ब्रेकिंग News

सराय खालिश सीएचसी में नवजात की मौत पर बवाल: रिश्वत लेकर लापरवाही का आरोप, एएनएम व निजी दाई के खिलाफ तहरीर,जांच शुरू।

सराय खालिश सीएचसी में नवजात की मौत पर बवाल: रिश्वत लेकर लापरवाही का आरोप, एएनएम व निजी दाई के खिलाफ तहरीर,जांच शुरू।



असोथर (फतेहपुर) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सराय खालिश में प्रसव के बाद नवजात की मौत से नाराज परिजनों ने रविवार शाम जमकर हंगामा किया। पीड़ित परिवार ने एएनएम और एक निजी दाई पर प्रसव के नाम पर रुपये लेने, इलाज में लापरवाही बरतने तथा जिला अस्पताल रेफर करने में देरी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से की गई है, जबकि एएनएम और निजी दाई के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर भी दी गई है। परिजनों का दावा है कि रुपये लेने के वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं।



जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत असोथर के प्रताप नगर झाल निवासी अर्पित रविवार सुबह अपनी 25 वर्षीय पत्नी संयोगिता को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी सराय खालिश लेकर पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे प्रसव हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद नवजात की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया और जिला अस्पताल रेफर करने में भी लापरवाही बरती गई। शाम करीब चार बजे जिला अस्पताल भेजे गए नवजात को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।



मृतक नवजात के पिता अर्पित का आरोप है कि एएनएम मोनिका सिंह ने 2,100 रुपये और एक निजी दाई ने 1,100 रुपये प्रसव कराने के नाम पर मांगे। उनका कहना है कि पूरी रकम तत्काल न दे पाने पर प्रसव और उपचार में लापरवाही की गई। उन्होंने बताया कि रुपये लेने के वीडियो भी उनके पास हैं, जिनकी in जानकारी सीएमओ को दे दी गई है। परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


वहीं, एएनएम मोनिका सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि प्रसव सामान्य और सुरक्षित तरीके से कराया गया था। प्रसव के करीब एक घंटे बाद नवजात की हालत बिगड़ने पर तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की धनराशि नहीं मांगी गई, बल्कि परिजनों ने खुशी में स्वेच्छा से कुछ रुपये उपहार स्वरूप दिए थे।


घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सीएचसी में स्थायी महिला चिकित्सक की तैनाती न होने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टर के अभाव में प्रसूताओं को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है।


सीएमओ उदयभान सिंह ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी स्वास्थ्यकर्मी की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है।

विमल कुमार की रिपोर्ट।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...