गैंगस्टर एक्ट के मामलों की समीक्षा, डीएम और एसपी ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश।
फतेहपुर। गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट फतेहपुर में शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत लंबित एवं प्रस्तावित कार्यवाहियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गैंगस्टर अधिनियम से संबंधित लंबित मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करने, अभियोजन की प्रगति में तेजी लाने तथा गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत प्रस्तावित मामलों में विधिक प्रक्रिया का पूरी गंभीरता के साथ पालन करने पर जोर दिया। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संगठित अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सुदृढ़ कार्रवाई की जाए, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ दोषियों को समयबद्ध रूप से दंडित कराया जा सके। समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी बिंदकी, क्षेत्राधिकारी खागा, अभियोजन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विमल कुमार की रिपोर्ट।

Post a Comment