आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल, मंडलायुक्त व पुलिस आयुक्त के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण।
बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, आगरा कॉलेज समेत विभिन्न केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा,सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, सीटिंग अरेंजमेंट,प्रवेश व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को देखा।
जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, पारदर्शी व निष्पक्ष परीक्षा के दिए निर्देश।
आगरा.08.06.2026/आज जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने मंडलायुक्त एवं पुलिस आयुक्त के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के लिए बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी महोदय ने बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, आगरा कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीटिंग प्लान एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी महोदय ने द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट अथवा शेड लगाने, शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था छायादार स्थान पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति सहित तकनीकी व्यवस्थाओं के माध्यम से परीक्षा की शुचिता बनाए रखी जाएगी तथा नकल या अन्य अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था को सतत सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जनपद में यह परीक्षा कुल 28 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 12,768 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हो रही है। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी श्री यमुनाधर चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट राजीव कुमार सिंह सिकरवार की ।




Post a Comment