⚡ ब्रेकिंग News

महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

 हमीरपुर। देश में बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी हमीरपुर को सौंपा गया।





यह प्रदर्शन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मानसिंह दादा के आह्वान पर किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन हमीरपुर के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा अत्री यादव ने किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की आम जनता आज महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की किल्लत के कारण लोगों को एक बार फिर लाइनों में लगना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।

इस मौके पर अत्री यादव ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 120 रुपये की बढ़ोतरी ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।




उन्होंने कहा कि देश में उपयोग होने वाली करीब 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। संगठन का आरोप है कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका असर महंगाई के रूप में जनता पर पड़ रहा है।

जिला अध्यक्ष इंद्र कुमार प्रजापति ने कहा कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में कई जगहों पर कई गुना वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे आम नागरिकों और छोटे-मध्यम उद्योगों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है और बेरोजगारी भी तेजी से बढ़ रही है।

संगठन ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की हालिया मूल्य वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो देशभर में जन आंदोलन तेज किया जाएगा।

इस दौरान मुख्य रूप से मौजूद रहे:

अत्री यादव (युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा),

इंद्र कुमार प्रजापति (जिला अध्यक्ष हमीरपुर),

दुष्यंत यादव सहित कई कार्यकर्ता।

रिपोर्ट अत्री कुमार यादव 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...