गांधी स्मृति पहुंचे राहुल गांधी, बोले- मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
नई दिल्ली: नीट पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन गुरुवार शाम और तेज़ हो गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विपक्षी दलों के करीब 100 सांसदों के साथ दिल्ली स्थित 30 जनवरी मार्ग पर गांधी स्मृति पहुंचे, जहां उन्होंने कथित तौर पर नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों और प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों के लिए प्रार्थना की।
गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "हमारे नेता महात्मा गांधी की यहीं पर हत्या हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं करने वाला है।"
राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले को देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
नीट पेपर लीक को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। संसद से लेकर सड़कों तक इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन जारी है और विपक्ष परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता व जवाबदेही की मांग कर रहा है।

Post a Comment