फतेहपुर: स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल सीज।
फतेहपुर में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थरियांव पूर्वी बाईपास स्थित एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल को सीज कर दिया। यह कार्रवाई एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की।
बताया गया कि अस्पताल को पहले भी निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समय सीमा के बावजूद आवश्यक मानकों का अनुपालन नहीं किया गया। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने नियमानुसार अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई की।
एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने कहा कि जिले में बिना मानकों के संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद जिले के निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संचालकों से निर्धारित मानकों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने की अपील की है।
विमल कुमार की रिपोर्ट।

Post a Comment