मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज फतेहपुर दौरे पर, 700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात।
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक दिवसीय दौरे पर फतेहपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सदर तहसील के मदारीपुर कला में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और जिले को करीब 700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान 135 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
हालांकि अंतिम कार्यक्रम में मुख्य रूप से सदर और अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्रों की परियोजनाओं को शामिल किया गया है, जिनकी कुल लागत करीब 550 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मुख्यमंत्री 87 परियोजनाओं का लोकार्पण और 48 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण एवं नगरीय विकास, विद्युत और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मदारीपुर कला में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पुलिस, पीएसी सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा दल और एनएसजी कमांडो भी मुस्तैद रहेंगे।
200 बीघा मैदान में होगी जनसभा
मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए लगभग 200 बीघा क्षेत्र में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। लोगों की आवाजाही के लिए 20 प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए गए हैं। सभा स्थल पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कार्यक्रम स्थल का कई बार निरीक्षण कर मंच, हेलीपैड, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री के दौरे को फतेहपुर के विकास के लिए अहम माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment