11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 5 बंदरों की दर्दनाक मौत, 2 गंभीर घायल।
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी गांव में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से पांच बंदरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बंदर गंभीर रूप से झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंदरों का झुंड बिजली के खंभों के पास पहुंच गया था। इसी दौरान जर्जर और ढीले तार आपस में टकरा गए, जिससे करंट फैल गया और कई बंदर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई। वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घायल बंदरों को उपचार के लिए भेजा।
ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में है और इसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है। लोगों ने बिजली विभाग से लाइन को जल्द दुरुस्त कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
विमल कुमार की रिपोर्ट।


Post a Comment