सूचना कार्यालय, हमीरपुर
*व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु संयुक्त विभागीय शिविर का आयोजन*
हमीरपुर।व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न विभागीय सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 15 मई, 2026 को प्रातः 11 बजे शहर स्थित साबरी गेस्ट हाउस, हमीरपुर में संयुक्त विभागीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में व्यापारियों को विभागीय पंजीकरण, लाइसेंस, नवीनीकरण, श्रम संबंधी सेवाएं, बांट-माप सत्यापन तथा जीएसटी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका मौके पर निस्तारण किया तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं नियमों की जानकारी भी प्रदान की। इस अवसर पर व्यापारियों को ऑनलाइन सेवाओं, समयबद्ध नवीनीकरण एवं विभागीय प्रक्रियाओं के सरलीकरण के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में राज्य कर विभाग, हमीरपुर से सहायक आयुक्त श्री दीपक कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राम सूरत यादव एवं श्री राजीव कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन विभाग से श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री महेन्द्र कुमार तथा बांट-माप विभाग से वरिष्ठ निरीक्षक श्री शशिपाल सिंह उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त उद्योग व्यापार मंडल हमीरपुर के जिला महामंत्री श्री सूर्य कुमार तिवारी, नगर अध्यक्ष श्री धीरेंद्र कुमार गुप्ता सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी व्यापारियों ने संयुक्त शिविर की व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
हमीरपुर से अत्री कुमार यादव की रिपोर्ट


Post a Comment