दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी, किशनगढ़ रेनवाल में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी।
जयपुर। जयपुर जिले के किशनगढ़ रेनवाल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि पहले उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार विवाहिता की शादी कुछ वर्ष पहले किशनगढ़ रेनवाल क्षेत्र में हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन विवाद होता था और बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।
परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया और हत्या की आशंका जताई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके पक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक कुरीति ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी ।
प्रकाश चौधरी की रिपोर्ट।

Post a Comment