*बट सावित्री व्रत पर मां चंद्रिका देवी शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धा, महिलाओं ने की वट वृक्ष की पूजा*
*कबरई, महोबा।* आज बट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर राजीव नगर स्थित मां चंद्रिका देवी शिव मंदिर के प्रांगण में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना के लिए वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा सूत लपेटा और कथा का श्रवण किया।
सुबह 6 बजे से ही मंदिर प्रांगण में महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सोलह श्रृंगार कर बांस की टोकरी में भीगे चने, पूड़ी, आम, खरबूजा व अन्य पूजन सामग्री के साथ वट वृक्ष की पूजा की। मान्यता है कि इसी दिन माता सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस लिए थे। इसलिए महिलाएँ अखंड सौभाग्य के लिए यह व्रत करती हैं।
पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान मंदिर परिसर "जय मां चंद्रिका" और "हर-हर महादेव" के जयकारों से गूंज उठा।
*क्या है मान्यता*: बट सावित्री व्रत ज्येष्ठ माह की अमावस्या को मनाया जाता है। इस दिन वट वृक्ष के नीचे सावित्री-सत्यवान की कथा सुनने से दांपत्य जीवन में सुख-शांति आती है।
कबरई से सुशील शर्मा की रिर्पोट


إرسال تعليق