आगरा, 04 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय स्थित सभागार में दिनांक 07 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि मा. मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा ग्राम रायपुर एवं रहनकलां (ग्रेटर आगरा योजना) में भूमि पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास तथा जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम संभावित है।
बताया गया कि शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से 10 टाउनशिप विकसित किए जाने की योजना है, जिसका शिलान्यास/भूमिपूजन मा. मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल रायपुर-रहनकलां, इनर रिंग रोड पर साफ-सफाई, जल छिड़काव, मंच व्यवस्था, मीडिया दीर्घा आदि के लिए नोडल अधिकारी नामित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री युवा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मा. मुख्यमंत्री के कर कमलों से प्रमाण पत्र वितरित कराने तथा शिलान्यास/लोकार्पण से संबंधित शिलापट्ट की तैयारियां समय से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) श्री प्रशांत तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Post a Comment