मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा विकास खण्ड खन्दौली में स्थित वृहद गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह उजाला प्रेरणा महिला संकुल समिति, रामनगर (आगरा) द्वारा एक महत्वपूर्ण उपक्रम स्थापित किया जा रहा है। यह उपक्रम उ०प्र० राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, आगरा के सहयोग एवं दिव्य प्रेम एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, गाजियाबाद के माध्यम से संचालित होगा, जिसके अंतर्गत गोवंश के अपशिष्ट (गोबर एवं मूत्र) से अगरबत्ती, धूपबत्ती आदि का उत्पादन किया जाएगा।
धौरऊ स्थित वृहद गौशाला का संचालन शिवांग फाउंडेशन (एनजीओ) द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि उपक्रम में कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए पृथक-पृथक शौचालयों का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, उपक्रम के समीप स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हेतु समरसेबल एवं आरओ सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश ग्राम प्रधान एवं सचिव को दिए गए।
इसके अतिरिक्त, उपक्रम के सुचारु संचालन हेतु निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर रोस्टर में आवश्यकतानुसार परिवर्तन कराने के निर्देश भी दिए गए।
गौशाला परिसर में जिस शेड में अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है, वहां आवश्यक विद्युत सुविधाएं जैसे पंखे, लाइट आदि उपलब्ध कराने हेतु भी ग्राम प्रधान एवं सचिव को निर्देशित किया गया।

Post a Comment