संपादक गिरजा शंकर अवस्थी
बांदा।
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत बांदा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही मिनी बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस योजना से अब दूर-दराज के गांवों का सफर आसान होगा और ग्रामीणों को सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी।
योजना के तहत जिले के सभी आठों ब्लॉकों के सुदूर गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद परिवहन विभाग ने इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। गांवों में 15 से 28 सीटों वाली मिनी बसों का संचालन किया जाएगा।
अब तक डग्गामार वाहनों के सहारे सफर करने वाले ग्रामीणों को इस योजना से बड़ी राहत मिलेगी। छात्र, किसान और व्यापारी कम समय और कम खर्च में अपनी तहसील और जिला मुख्यालय तक पहुंच सकेंगे।
इस योजना के तहत मिनी बसों का संचालन निजी वाहन स्वामियों के माध्यम से अनुबंध के आधार पर किया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति जल्द ही रूटों का निर्धारण कर आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगी।
बांदा के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) वी.के. चौबे ने बताया कि शासन से योजना के क्रियान्वयन का पत्र प्राप्त हो चुका है और जल्द ही अनुबंध प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Post a Comment