⚡ ब्रेकिंग News

महंगाई और गैस कीमतों के विरोध में AAP का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद Sanjay Singh के आवाह्न पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मौदहा को सौंपा।




प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के कारण लोग एक बार फिर लंबी लाइनों में लगने को मजबूर हो गए हैं, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।

जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹120 की वृद्धि से आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई स्थानों से छोटे व्यवसायों के बंद होने की खबरें भी सामने आ रही हैं।



उन्होंने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और इसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है।

नगर अध्यक्ष मौदहा गुलाम मोहम्मद ने आरोप लगाया कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियों के कारण गैस की कीमतों में कई जगहों पर भारी वृद्धि हुई है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ छोटे और मध्यम उद्योगों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ रहा है और बेरोजगारी की समस्या गंभीर होती जा रही है।

पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की हालिया मूल्य वृद्धि तुरंत वापस ली जाए, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। साथ ही बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आम आदमी पार्टी देशभर में जन आंदोलन तेज करेगी।






प्रदर्शन में मुख्य रूप से गुलाम मोहम्मद (नगर अध्यक्ष मौदहा), त्रिलोक चन्द्र (जिला कोषाध्यक्ष), अत्री यादव (जिला उपाध्यक्ष), अरविंद शिवहरे (जिला महासचिव पंचायत प्रकोष्ठ), इमामुद्दीन (विधानसभा अध्यक्ष), रवि साहू, नरेन्द्र कुमार, बलराम सेन, रामप्रकाश, सुखबीर यादव सहित दो दर्जन कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...